घाटमपुर। बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में घाटमपुर कस्बे के मुख्य चौराहे पर क्षेत्रीय युवाओं ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एकत्र युवाओं ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और बांग्लादेश का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने हिंदू समाज की सुरक्षा की मांग करते हुए नारे लगाए और कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जो मानवाधिकारों का उल्लंघन है। युवाओं ने भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से हस्तक्षेप कर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाने की मांग की।
प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। युवाओं ने स्पष्ट किया कि जब तक वहां हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार बंद नहीं होते, तब तक वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।














