बांदा। शहर स्थित ऐतिहासिक रायफल क्लब खेल मैदान की विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित नीलामी को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। सपाइयों का आरोप है कि जनपद के माफिया और प्राधिकरण की नजर इस ऐतिहासिक खेल मैदान पर है।
सपाइयों ने बताया कि इसी मैदान से हॉकी के जादूगर सहित कई राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई है। साथ ही प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की कई बड़ी रैलियों व जनसभाओं की शुरुआत भी इसी मैदान से होती रही है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि मैदान की नीलामी हुई तो खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल प्रतियोगिताओं के लिए भारी परेशानी होगी, साथ ही चुनावी रैलियों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन पर भी असर पड़ेगा।
इस मुद्दे को लेकर आज सपाइयों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और नीलामी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि खेल मैदान की नीलामी नहीं रोकी गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।








