बांदा। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बांदा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हिंदू समाज से जनसंख्या बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को कम से कम चार बच्चे पैदा करने चाहिए, ताकि समाज संतुलित रह सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जहां सरकार “बच्चे दो ही अच्छे” का नारा दे रही है, वहीं दूसरे धर्मों के लोग सात-सात बच्चे पैदा कर अपनी जनसंख्या बढ़ा रहे हैं।
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जब तक हिंदू समाज के बच्चों को वेद और वैदिक शिक्षा नहीं पढ़ाई जाएगी, तब तक वे अपनी संस्कृति से दूर होते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन्हें हिंदू या हिंदुत्व से परहेज है, वे उनकी कथा या धार्मिक आयोजनों में शामिल न हों।
उन्होंने हनुमान जी को “मल्टी टैलेंटेड भगवान” बताते हुए कहा कि बालाजी सरकार की कृपा से सनातन धर्म के प्रति जन-जागृति आएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि हनुमंत कथा का आयोजन चढ़ावे के लिए नहीं, बल्कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए किया जाता है।








