चंद्रभानु गुप्त कृषि महाविद्यालय में मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के साथ जनपद स्तरीय रवी उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व सांसद एवं राज्य मंत्री कौशल किशोर ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने किसानों से श्री अन्न यानी मोटे अनाज की खेती अपनाने और केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिलेट्स न केवल पोषण से भरपूर हैं, बल्कि कम लागत में अच्छी आमदनी का जरिया भी बन सकते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मिलेट्स की उन्नत खेती तकनीक, इसके पोषण महत्व और बाजार संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा मिलेट्स से बनी विभिन्न रेसिपियों की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।








