बदायूं जनपद के उसावां थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राला की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार एफएम हाईवे पर शाहजहांपुर कलान बॉर्डर के पास ट्रैक्टर-ट्राला ने पहले शराब ठेके के पास खड़ी बोलेरो और बाइक को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। इसके बाद बुलेट सवार तीन युवक ट्राला का पीछा करने लगे। काली मंदिर के पास ट्रैक्टर-ट्राला चालक ने बाइक सवारों को कुचल दिया।
हादसे में उदैया नगला निवासी बंटू (25) और कासगंज जिले के नूरपुर निवासी दिनेश (25) की मौत हो गई, जबकि मनोज (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर-ट्राला की तलाश में जुटी हुई है।








