राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद जयंती कन्नौज में पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मनाई गई। सोमवार को कन्हैया लाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मकरंदनगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सदर विधायक एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब युवा शक्ति और अनुशासन एक साथ आते हैं, तभी समाज और राष्ट्र की सच्ची प्रगति संभव होती है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए मोटरसाइकिल और साइकिल जागरूकता यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह घोषित किया है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
जागरूकता यात्रा के दौरान बच्चों और युवाओं ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संकल्प लिया।








