हरकी पौड़ी पर अरबी शेख के भेष में पहुंचकर हड़कंप मचाने वाले दोनों युवक यूट्यूबर निकले। श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि 13 जनवरी को दो युवक अरबी शेख के भेष में हरकी पौड़ी क्षेत्र में घूमते नजर आए। स्थानीय लोगों और पंडितों ने जब उन्हें इस भेष में घूमने से मना किया तो उन्होंने भारत में कहीं भी घूमने की बात कहते हुए विरोध जताया। लोगों के बढ़ते विरोध के बाद दोनों ने अपना पहनावा बदला और वहां से निकल गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोनों की पहचान कर सिडकुल क्षेत्र से दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम नवीन कुमार निवासी रावली महदूद, सिडकुल और प्रिंस निवासी बिजनौर, हाल निवासी सिडकुल बताए।








