आगरा/ आगरा पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर झूठे अपहरण की गुत्थी सुलझाते हुए मुंबई के व्यापारी से लूट करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला एत्माद्दौला थाना क्षेत्र का है, जहां फेसबुक दोस्ती के जरिए व्यापारी को जाल में फंसाकर लूट की साजिश रची गई थी।
पुलिस के अनुसार रामबाग से एक सुनसान चकरोड तक अपहरण का नाटक किया गया, लेकिन जांच में मामला अपहरण नहीं बल्कि लूट का निकला। सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए आरोपियों ने व्यापारी को मिलने बुलाया और फिर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
एत्माद्दौला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, मोबाइल फोन, अंगूठी और नकदी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि झूठे अपहरण की कहानी बनाकर अपराध को छुपाने की कोशिश की गई थी, लेकिन समय रहते पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया।








