अमरोहा। हसनपुर तहसील में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (शंकर) के पदाधिकारियों व किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया तो 24 दिसंबर को किसान धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह के नेतृत्व में किसान तहसील कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की मांग की गई। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा सात वर्ष पूर्व घोषित चीनी मिल के विस्तारीकरण को शीघ्र कराने, चकबंदी प्रक्रिया को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने तथा तहसील गेट के सामने स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान धर्मवीर सिंह, राकेश चौहान, नेतराम सैनी, सरजीत सिंह, कैप्टन वीर सिंह, राकेश सिंह, महावीर सिंह, मुकुट लाल, मदन सिंह, बबीता रानी, जहीर बेगम, हरि सिंह सैनी, सत्य प्रकाश सैनी, दीपक सैनी, भजन लाल सैनी सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।









