अमरोहा। नौगावा सादात थाना क्षेत्र के गांव रामपुर सफेद में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद में दलित महिला से मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि दबंगों ने उनके साथ मारपीट की, लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़ित परिवार के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया।
न्याय न मिलने से आहत पीड़ित परिवार दोबारा थाने पहुंचा और पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के पदाधिकारी भी पीड़ित परिवार के समर्थन में सामने आए और चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। भीम आर्मी ने स्पष्ट किया है कि दलित उत्पीड़न के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








