आगरा | LIBERAL MEDIA
आगरा पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक की मदद से एक ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका के प्रेमी सनी, उसकी मां और सौतेले पिता प्रदीप को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
डीसीपी पश्चिमी आदित्य सिंह के अनुसार, आरोपी सनी नई प्रेमिका से शादी करना चाहता था, जबकि मृतका सोनाली उसके साथ अवैध गतिविधियों में शामिल होने से इनकार कर रही थी। इसी बात को लेकर सनी ने अपनी मां और सौतेले पिता के साथ मिलकर सोनाली की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद शव को कार में रखकर यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए खंदौली थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेस-वे के पास एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पहचान न होने के कारण मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया था। पुलिस ने एआई तकनीक की सहायता से मृतका के चेहरे की तस्वीर तैयार कर सोशल मीडिया और पुलिस नेटवर्क में साझा की, जिससे उसकी पहचान सोनाली के रूप में हुई।








