आगरा में जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री व प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। नवीन सर्किट हाउस में हुई बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, ट्रैफिक, बिजली, सड़क, पशुपालन और पुलिस व्यवस्था पर चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री ने राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण, आईजीआरएस शिकायतों के संतोषजनक समाधान और बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनाने के निर्देश दिए। पुष्पांजलि हॉस्पिटल पर आयुष्मान कार्ड धारकों से जुड़ी शिकायतों की जांच कर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए। पशुपालन विभाग में लापरवाही पर संबंधित अधिकारी को हटाने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए पुलिस को ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया। पर्यटन नगरी आगरा में खान-पान और अन्य दुकानों को रात 12 बजे तक खोलने की अनुमति देने का निर्णय लिया गया।
पुलिस ने बताया कि डकैती की घटनाएं शून्य रहीं, जबकि साइबर अपराधों को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।








