आगरा में घने कोहरे ने बड़ा हादसा करा दिया। कोहरे के कारण 7 वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, घने कोहरे की वजह से 5 ट्रक और 2 कारें आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
यह मामला आगरा थाना इरादतनगर क्षेत्र के आगरा-ग्वालियर मार्ग पर खारी नदी के पास का बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच में जुट गई है। घने कोहरे को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।








