Agra | Liberal Media
आगरा पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना नाई की मंडी पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 226 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार तस्करों ने गांजे की तस्करी के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। एक ट्रक में ऊपर से नारियल भरे गए थे, जबकि उनके नीचे भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो। यह गांजा आगरा समेत आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाना था।
गुप्त सूचना के आधार पर थाना नाई की मंडी पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें इस बड़े खेप का खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजा कहां से लाया गया था तथा किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई होनी थी।








