आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस ने एटीएम फ्रॉड के आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर अंतरजनपदीय ठगी गैंग को बेनकाब किया है। आरोपी पर पहले से ही 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस गैंग के तीन अन्य सदस्य—सलीम, मोनू और प्रदीप उर्फ पंडित—अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह एटीएम पर लोगों को झांसे में लेकर उनका कार्ड बदलता था और नकदी हड़पता था। जांच में पता चला कि आरोपी अनिल कुमार आगरा सहित कई जिलों में ठगी की वारदातों में शामिल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।








