आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खाई में जा पलटा। हादसा थाना फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 34 के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक तेज आवाज के साथ नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPIDA) की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक चालक और परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।








