थाना रसूलपुर पुलिस व एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 05 किलो 753 ग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की गई। घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई, जिसे वे तस्करी के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की फिराक में थे।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और इससे पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रह चुके हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।








