31 जनवरी को विशेष अभियान, बूथ लेवल एजेंटों की उपस्थिति अनिवार्य

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचन नामावलियों के पुनरीक्षण के तहत 31 जनवरी, शनिवार को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी राजनैतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाया जाएगा, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 फरवरी निर्धारित है, जबकि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति प्रतिदिन डीईओ पोर्टल पर देखी जा सकती है।

डीएम ने बताया कि जनपद में 06 विधानसभा क्षेत्र, 2810 मतदेय स्थल और 1792 मतदान केंद्र हैं। प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 18,11,616 मतदाता हैं, जिनमें 10,08,599 पुरुष, 8,02,921 महिला तथा 96 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन कार्य के लिए 06 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 30 सहायक निर्वाचक अधिकारी, 2810 बीएलओ एवं 285 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। बैठक में एडीएम (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights