जनपद शाहजहाँपुर के विकास खंड भावलखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत दाउदपुर उर्फ मुरादगांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना की कुल लागत 2467.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, ब्लॉक प्रमुख राजाराम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव एवं अजय प्रताप यादव सहित ग्राम प्रधान प्रेम कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वहीं प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बताया गया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, इकाई-06 बरेली द्वारा कराया जाएगा। इस विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









