शाहजहांपुर में 22.23 करोड़ से बन रहा नया सर्किट हाउस, अप्रैल तक पूरा होने की संभावना

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। रोजा और हरदोई रोड के बीच स्थित गांव सरायखास में 22.23 करोड़ रुपये की लागत से नया सर्किट हाउस (पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस) बनाया जा रहा है। शासन द्वारा इसके लिए 91 लाख रुपये की पहली किस्त पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है। शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और आगामी अप्रैल माह तक इसके पूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की श्रृंखला में यह एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। वर्तमान में कचहरी परिसर से सटा पुराना पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस जर्जर स्थिति में है, जिसे हटाकर जजी परिसर के विस्तार के लिए प्रशासन द्वारा हस्तांतरित कर दिया गया है।
नए सर्किट हाउस के लिए सरायखास गांव में लगभग 16 बीघा भूमि चिन्हित की गई थी। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिसमें हेलिपैड, 10 वीआईपी सुइट तथा वीआईपी स्टाफ के ठहरने के लिए डोरमेट्री का निर्माण कराया जाएगा।
शहर से बाहर सर्किट हाउस बनने से वीआईपी आगमन के दौरान लगने वाले यातायात जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक वीआईपी हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलिपैड पर उतरता था, जहां से काफिला शहर के भीतर स्थित गेस्ट हाउस तक आता था, जिससे यातायात बाधित होता था।
बताया गया कि 30 मार्च 2025 को मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा सर्किट हाउस का शिलान्यास किया गया था और अब इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है।
जजी परिसर के विस्तार से मिलेगी राहत
पुराने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के स्थान पर बहुमंजिला भवन के निर्माण का प्रस्ताव है, जिसमें अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधा भी होगी। इससे कचहरी परिसर में लगने वाली भीड़भाड़ और सड़क जाम की समस्या से वादकारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायिक अधिकारियों को उल्लेखनीय राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights