15 साल बाद साधु के वेश में मिला पति, पत्नी ने बीच सड़क पर की पिटाई; वीडियो वायरल

By Liberal Media

Published On:

Date:

मथुरा | LIBERAL MEDIA
मथुरा के राया थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने 15 साल पहले घर छोड़कर चले गए अपने पति को साधु के वेश में पहचान लिया और बीच सड़क पर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना मांट रेलवे क्रॉसिंग के पास की बताई जा रही है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला का विवाह करीब 19 वर्ष पहले मांट क्षेत्र के एक युवक से हुआ था। युवक पंजाब के जालंधर (पठानकोट) में एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि नौकरी के दौरान उसका किसी अन्य महिला से संबंध हो गया और वह पत्नी व बच्चों को छोड़कर उसके साथ रहने लगा। पिछले करीब 15 वर्षों से वह परिवार से पूरी तरह अलग था।
महिला को हाल ही में सूचना मिली कि उसका पति साधु का वेश धारण कर राया क्षेत्र में आया हुआ है। इसके बाद महिला ने अपने परिचितों के साथ योजना बनाकर मांट क्रॉसिंग के पास उसे घेर लिया। पहचान होते ही महिला का गुस्सा फूट पड़ा और उसने कार से उतारकर पति की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की कार के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे मौके पर हंगामा मच गया और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साधु के वेश में मौजूद व्यक्ति को भीड़ से बचाकर थाने ले गई।
प्रभारी निरीक्षक, थाना राया ने बताया कि एक महिला द्वारा अपने पति की पहचान कर मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पारिवारिक विवाद और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसमें महिला अपने बच्चों के हक की बात करते हुए आरोपी पर नाराजगी जताती दिखाई दे रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी वास्तव में साधु बन चुका है या सिर्फ पहचान छिपाने के लिए उसने यह वेश धारण किया था।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights