लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के जल निगम रोड पर 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने राघव नामक युवक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक उन्हें पहले किशोरी के फांसी लगाने की सूचना दी गई थी, लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे तो शव फांसी पर लटका नहीं था, बल्कि जमीन पर रखा हुआ था। उन्होंने यह भी बताया कि मृतका के हाथ, पैर और गले पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।








