शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सांसद अरुण सागर ने रविवार को अचानक पहुँचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें अस्पताल परिसर में गंदगी, मरीजों की अनदेखी और डॉक्टरों द्वारा खराब व्यवहार जैसी गंभीर खामियां मिलीं।
मरीजों ने सांसद से डॉक्टरों के न आने, दवाएं न मिलने, ब्लड उपलब्ध न होने और स्टाफ के खराब व्यवहार की शिकायतें कीं। कई मरीजों ने कहा कि गंभीर स्थिति में भी डॉक्टर देखने नहीं आते।
खामियां देख सांसद का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके से ही प्राचार्य को फोन कर फटकार लगाई और तुरंत सुधार के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि अव्यवस्थाओं को लेकर वे मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव को पत्र लिखेंगे।
सांसद अरुण सागर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सरकार गंभीर है, इसलिए लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








