कन्नौज से पंकज श्रीवास्तव
कन्नौज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव अचानक सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र कन्नौज पहुंचे। उनके आगमन से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में हलचल मच गई। सपा कार्यालय पहुँचने पर जिलाध्यक्ष कलीम खां और वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर एक जरूरी बैठक की।
बैठक में रामगोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि सभी लोग SIR प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखें और सावधानी के साथ फॉर्म भरवाकर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि वोट बढ़ाना और पार्टी के समर्थक मतदाताओं को सूची में बनाए रखना बेहद जरूरी है।
वरिष्ठ सपा नेता हसीब हसन ने बताया कि रामगोपाल यादव का यह दौरा गोपनीय और अचानक था। वह सिर्फ आधे घंटे सपा कार्यालय में रुके, SIR से जुड़ी जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक फॉर्म भरवाने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान सपा के जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








