बदायूं से आशुतोष शर्मा की रिपोर्ट
बदायूं में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को 317 जोड़ों का विवाह इस्लामिया इंटर कॉलेज परिसर में रीति–रिवाज के साथ संपन्न हुआ। इनमें 290 हिंदू और 27 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित किया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य दहेज प्रथा को खत्म करना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता मुख्यमंत्री ने दूर की है, और इस योजना से प्रदेशभर में हजारों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और स्थानीय प्रशासन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।








