बांदा – जिला बांदा के ग्राम जमालपुर (देहात कोतवाली क्षेत्र) में 62 वर्षीय मां माया देवी ने अपने इकलौते बेटे शंकर उपाध्याय (उम्र करीब 45 वर्ष) की निर्मम हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को लिखित तहरीर दी है।
मां का कहना है कि 21 सितंबर 2025 की शाम करीब 6:30 बजे पड़ोस में रहने वाले सदाशिव विश्वकर्मा पुत्र रामलाल विश्वकर्मा, राजेश उपाध्याय, सियाशरण उपाध्याय और दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके बेटे को बहला-फुसलाकर कहीं ले गए। पूरी रात खोजबीन के बाद भी बेटा घर नहीं लौटा।
अगले दिन 22 सितंबर 2025 को गांव के पास पुलिया के नीचे शंकर उपाध्याय का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ चुकी है, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई है।
मां माया देवी ने तहरीर में गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा है:
मेरे बेटे की हत्या से पहले कुछ वीडियो भी मिले हैं, जिनमें साफ दिख रहा है कि सदाशिव विश्वकर्मा, राजेश उपाध्याय, सियाशरण उपाध्याय और दो अज्ञात लोग मेरे बेटे को पीट रहे थे और धमकी दे रहे थे। अगर इनसे सख्ती से पूछताछ की जाए तो हत्या का पूरा राज खुल जाएगा।
मां ने यह भी बताया कि उनके पति ब्रजमोहन उपाध्याय का मुख्य आरोपी राजेश उपाध्याय से करीब 3 महीने पहले तीन बार झगड़ा हो चुका था। पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
बुढ़ापे का एकमात्र सहारा खो चुकी मां ने रोते-बिलखते पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है:
«मेरा एकलौता बेटा ही मेरा सहारा था, अब वह इस दुनिया में नहीं रहा। हमें तब तक न्याय नहीं मिलेगा, जब तक हत्यारों को सजा नहीं होगी।»
मृतक की मां ने सदाशिव विश्वकर्मा, राजेश उपाध्याय, सियाशरण उपाध्याय और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या, अपहरण व आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि शिकायत की जांच की जा रही है और जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।







