बरेली से मुस्तफीज खान
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के सूफी टोला में मंगलवार को बीडीए ने दो शादी हाल—ऐवान-ए-फ़रहत और गुड मैरिज हॉल—पर अवैध निर्माण के आरोप में बुलडोज़र चलाया। कार्रवाई के दौरान महिलाओं, बच्चों और परिवारों ने दीवारों से लिपटकर रोते हुए विरोध जताया, लेकिन अधिकारियों ने ध्वस्तीकरण जारी रखा।
बुलडोज़र के पहुंचते ही कई महिलाएं जमीन पर बैठकर बिलख उठीं और अधिकारियों से गुहार लगाते हुए बोलीं—“अगर हमारा घर गलत है तो बुलडोज़र हम पर भी चला दो, कम से कम यह दर्द तो खत्म हो।” पुरुषों ने भी कार्रवाई रोकने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग के बीच बीडीए टीम ने दोनों बरातघरों के बाहरी हिस्सों को ध्वस्त कर दिया।
ऐवान-ए-फ़रहत बरातघर सरफ़राज़ वली ख़ां का बताया जाता है, जबकि गुड मैरिज हॉल राशिद ख़ान का है। बीडीए के अनुसार दोनों निर्माण मानकों के विपरीत थे। वहीं मालिकों ने आरोप लगाया कि पुराने मामलों को आधार बनाकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कागजात मौजूद होने के बावजूद उन्हें बेघर किया जा रहा है।








