कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में मिट्टी खोदते समय बड़ा हादसा हो गया। गांव के तालाब पर मिट्टी निकालते समय अचानक मिट्टी का बड़ा टीला भरभराकर ढह गया, जिसकी चपेट में चार लोग आ गए। हादसे में 50 वर्षीय नन्ही देवी की मौत हो गई, जबकि तीन लड़कियां — 16 वर्षीय रूबी, 17 वर्षीय करिश्मा और 20 वर्षीय आकांक्षा — घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर कार्रवाई की गई। मृतका नन्ही देवी का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। तीनों घायल लड़कियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।








